
स्कॉटलैंड में रहने वाली भारतीय मूल की पूनम गुप्ता ने अपनी कंपनी ‘पीजी पेपर’ में अपने पति पुनीत को 1.50 करोड़ रुपये के सालाना पैकेज पर नौकरी दी है। दिलचस्प बात यह है कि बिजनेस के शुरुआती दौर में पति ने यह कहकर ऑफर ठुकरा दिया था कि पूनम उनकी 80 लाख की सैलरी का खर्च नहीं उठा पाएंगी।
दिल्ली की रहने वाली पूनम ने शादी के बाद नौकरी न मिलने पर जीरो इनवेस्टमेंट के साथ अपना बिजनेस शुरू किया था। उन्होंने देखा कि यूरोपीय और अमेरिकी कंपनियां रद्दी (स्क्रैप पेपर) फेंकने के लिए पैसे खर्च करती हैं। पूनम ने इसी स्क्रैप को रिसाइकिल और री-यूज करने का कॉन्ट्रैक्ट लिया, जिससे उन्हें कच्चा माल और पैसा दोनों मिले।
आज उनकी कंपनी की नेटवर्थ 1000 करोड़ रुपये है और इसका कारोबार 60 से अधिक देशों में फैला हुआ है। पूनम ने इंदौर में आयोजित प्रवासी भारतीय सम्मेलन में अपनी यह सफलता की कहानी साझा की।







