best news portal development company in india

अज्ञात बदमाशों ने किया क्रेशर व्यवसायी की सिर कूचकर नृशंस हत्या, इलाके में सनसनी

SHARE:

सोनभद्र। जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ ओबरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत अज्ञात बदमाशों ने एक क्रेशर व्यवसायी की बेरहमी से हत्या कर दी। इस वारदात के बाद से पूरे खनन जगत और स्थानीय व्यापारियों में हड़कम्प मचा हुआ है। घटना ओबरा थाना क्षेत्र के बग्घानाला स्थित एक क्रेशर प्लांट की है। मृतक की पहचान विष्णु हरि उपाध्याय के रूप में हुई । जो गिरधर स्टोन के स्वामी माधव हरि उपाध्याय के भाई थे। जानकारी के मुताबिक, विष्णु हरि उपाध्याय रात में अपने क्रेशर प्लांट पर ही सो रहे थे। इसी दौरान अज्ञात बदमाशों ने उन पर हमला बोल दिया। हमलावरों ने उनके सिर को भारी वस्तु से कूचकर उन्हें मौत के घाट उतार दिया। सुबह जब लोगों ने उनका शव लहूलुहान अवस्था में देखा, तो घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और उच्चाधिकारी भारी बल के साथ मौके पर पहुँच गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और घटनास्थल को सील कर साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं। पुलिस रंजिश, लूटपाट या किसी अन्य विवाद के कोण से मामले की जांच कर रही है। मौके पर फॉरेंसिक विशेषज्ञों को भी बुलाया गया है ताकि अपराधियों का कोई सुराग हाथ लग सके। क्रेशर व्यवसायी की इस तरह हत्या किए जाने से जिले के खनन व्यवसायियों में भारी डर और रोष व्याप्त है। व्यवसायियों ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं और पुलिस प्रशासन से मांग की है कि हत्यारों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाए। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि आसपास के सीसीटीवी कैमरों और कॉल डिटेल्स की जांच की जा रही है, और जल्द ही इस हत्याकांड का खुलासा किया जाएगा।

Leave a Comment