लखनऊ। उत्तर प्रदेश में कनेक्टिविटी को नई रफ्तार देने के लिए राज्य सरकार बड़े स्तर पर बुनियादी ढांचे का विस्तार कर रही है। सरकार की योजना के तहत प्रदेश में भविष्य में 12 नए एक्सप्रेसवे बनाए जाएंगे। इसके साथ ही यूपी देश के उन राज्यों में शामिल हो जाएगा, जहां एक्सप्रेसवे नेटवर्क सबसे मजबूत होगा। वर्तमान में प्रदेश में 7 एक्सप्रेसवे संचालित हैं, जबकि 3 पर निर्माण कार्य चल रहा है। नए प्रस्तावित एक्सप्रेसवे बनने के बाद कुल संख्या बढ़कर 22 हो जाएगी।
सरकार एक्सप्रेसवे के साथ-साथ हवाई कनेक्टिविटी पर भी फोकस कर रही है। अभी उत्तर प्रदेश में 16 एयरपोर्ट संचालित हैं, जिनमें 12 घरेलू और 4 अंतरराष्ट्रीय शामिल हैं। इसके अलावा 8 नए एयरपोर्ट निर्माणाधीन हैं। जेवर में बन रहा अंतरराष्ट्रीय ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट शुरू होने के बाद प्रदेश की वैश्विक कनेक्टिविटी और मजबूत होगी।
इन परियोजनाओं से औद्योगिक विकास, निवेश, पर्यटन और रोजगार के अवसर बढ़ने की उम्मीद है। सरकार का दावा है कि बेहतर सड़क और हवाई नेटवर्क से प्रदेश की अर्थव्यवस्था को नई दिशा मिलेगी।







