best news portal development company in india

जहर खुरानी गैंग का पर्दाफाश, तीन गिरफ्तार

SHARE:

मिर्ज़ापुर। जहर खुरानी गैंग के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है। इन पर जहरीला पदार्थ खिलाकर चोरी करने और गैर-इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने इनके पास से नशीला पाउडर, नकदी और मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान उमेश कुमार यादव (26), वीरेंद्र सोनकर (26) और कर्नल यादव (23) के रूप में हुई है। ये सभी कछवां थाना क्षेत्र के पसियाही गांव के निवासी बताए गए हैं।

 

पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई की है। पहला मामला 27 फरवरी 2026 को दर्ज किया गया था, जब शहर कोतवाली क्षेत्र के रामबाग निवासी रियाज अहमद ने शिकायत की थी। उन्होंने बताया कि अज्ञात व्यक्तियों ने उनके बहनोई को जहरीला पदार्थ खिलाया, जिससे उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। यह मामला थाना कोतवाली कटरा में दर्ज किया गया था।

 

दूसरा मामला पड़री निवासी राधेश्याम की शिकायत पर दर्ज हुआ। राधेश्याम ने अपनी तहरीर में बताया कि उन्हें नशीला पदार्थ पिलाकर बेहोश कर दिया गया और उनके 1000 रुपये चोरी कर लिए गए। इसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की।

 

अपर पुलिस अधीक्षक नगर नितेश सिंह और क्षेत्राधिकारी नगर विवेक जावला के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की। मुखबिर की सूचना और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर, पुलिस ने तीनों आरोपियों को रेलवे कॉलोनी स्थित हनुमान मंदिर के पास से गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से 8 पुड़िया नशीला पाउडर, 1000 रुपये नकद और 4 मोबाइल फोन बरामद किए गए।

 

पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे रेलवे स्टेशन और रोडवेज के आसपास यात्रियों से दोस्ती करते थे। इसके बाद वे खाने-पीने की वस्तुओं में नशीला पदार्थ मिलाकर उन्हें बेहोश कर देते थे और फिर उनका सामान व नकदी चोरी कर लेते थे। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है। मामले की विवेचना जारी है।

Leave a Comment