मिर्ज़ापुर। जिला प्रशासन जनगणना-2027 की तैयारियों में जुट गया है। इसी कड़ी में कलेक्ट्रेट सभागार में उप जिलाधिकारी, खंड विकास अधिकारी और अन्य संबंधित अधिकारियों के लिए एक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने अधिकारियों को जनगणना कार्य के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी।
प्रशिक्षण के दौरान मकान सूचीकरण, भवनों की गणना, परिवारों का विवरण संकलन और जनगणना रजिस्टर को अद्यतन करने की प्रक्रिया पर विशेष रूप से चर्चा की गई। जनगणना निदेशालय, लखनऊ से नामित जनगणना प्रभारी एवं सांख्यिकी अन्वेषक सचिन गुप्ता ने बिंदुवार प्रस्तुतीकरण के माध्यम से अधिकारियों को तकनीकी और प्रशासनिक पहलुओं से अवगत कराया।
जिलाधिकारी ने जनगणना के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि यह कार्य शासन की नीतियों और विकास योजनाओं की आधारशिला है। उन्होंने अधिकारियों से इसे पूर्ण पारदर्शिता, शुचिता और जिम्मेदारी के साथ संपन्न करने का आग्रह किया। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि सभी अधिकारी प्रशिक्षण में बताए गए प्रत्येक बिंदु को अच्छी तरह समझ लें, ताकि जनगणना कार्य सुचारु रूप से हो सके।
जिलाधिकारी ने बताया कि जनगणना-2027 की एक महत्वपूर्ण विशेषता यह है कि नागरिकों को वेब पोर्टल के माध्यम से अपनी स्व-गणना करने का अवसर प्रदान किया जाएगा। इस पहल से जनगणना प्रक्रिया और अधिक पारदर्शी तथा सुगम बनेगी।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अजय कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी भू राजस्व देवेंद्र प्रताप सिंह, उप जिलाधिकारी लालगंज महेंद्र सिंह, चुनार राजेश वर्मा, मड़िहान अनेग सिंह, डिप्टी कलेक्टर संजीव कुमार एवं अजीत कुमार सिंह, तहसीलदार सदर विशाल शर्मा, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनिल वर्मा, तहसीलदार लालगंज दीक्षा पांडेय और जिला सूचना विज्ञान अधिकारी अभिषेक श्रीवास्तव सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।






