कुवैत में अमेरिका का घातक F-15 विमान क्रैश, ईरान का सनसनीखेज दावा- ‘हमने मार गिराया’ अगर यह दावा सच साबित होता है, तो यह अमेरिकी वायुसेना की तकनीक के लिए एक बड़ा झटका माना जाएगा। मिडिल ईस्ट में जारी भीषण जंग के तीसरे दिन एक बड़ी सैन्य घटना सामने आई है। कुवैत में अमेरिका का एक F-15 स्ट्राइक ईगल लड़ाकू विमान क्रैश हो गया है। इस घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें विमान को आग की लपटों के साथ जमीन पर गिरते हुए देखा जा सकता है। विमान क्रैश होने के तुरंत बाद ईरान की ‘रिवोल्यूशनरी गार्ड्स’ (IRGC) ने इस सफलता का दावा अपने नाम किया है। ईरान के सरकारी मीडिया के अनुसार, उनके उन्नत एयर डिफेंस सिस्टम ने कुवैत की हवाई सीमा में प्रवेश कर रहे इस अमेरिकी विमान को निशाना बनाया और उसे मार गिराया।






