नई दिल्ली। देश की सबसे प्रतिष्ठित परीक्षाओं में से एक सिविल सर्विसेज एग्जाम (CSE) 2025 का अंतिम परिणाम आखिरकार जारी कर दिया गया है। 6 मार्च 2026 को आयोग ने फाइनल रिजल्ट घोषित किया। इस बार अनुज अग्निहोत्री ने पहला स्थान हासिल किया है। दूसरे स्थान पर राजेश्वरी सुवे एम रहीं, जबकि तीसरा स्थान एकांश ढुल ने प्राप्त किया है। चौथे स्थान पर राघव झुनझुनवाला और पांचवें स्थान पर ईशान भटनागर रहे। इस वर्ष कुल 958 उम्मीदवारों को विभिन्न केंद्रीय सेवाओं के लिए चयनित किया गया है। इन अभ्यर्थियों की सिफारिश इंडियन एडमिनिस्ट्रेटिव सर्विस (IAS), इंडियन फॉरेन सर्विस (IFS), इंडियन पुलिस सर्विस (IPS) तथा अन्य ग्रुप ‘A’ और ग्रुप ‘B’ सेवाओं के लिए की गई है। लिखित परीक्षा अगस्त 2025 में आयोजित की गई थी, जबकि इंटरव्यू प्रक्रिया दिसंबर 2025 से फरवरी 2026 के बीच संपन्न हुई। इस बार कुल 1087 पदों को भरने की जानकारी दी गई थी। हालांकि, आयोग ने फिलहाल 958 उम्मीदवारों की अंतिम सूची जारी की है। इन चयनित अभ्यर्थियों को विभिन्न केंद्रीय सेवाओं में नियुक्त किया जाएगा। कैटेगरी के अनुसार, चयनित उम्मीदवारों में जनरल (UR) से 317, ईडब्ल्यूएस से 104, ओबीसी से 306, एससी से 158 और एसटी से 73 उम्मीदवार शामिल हैं। इस तरह कुल 958 अभ्यर्थियों का चयन किया गया है। संघ लोक सेवा आयोग द्वारा सिविल सर्विसेज परीक्षा (CSE) का चयन तीन चरणों में किया जाता है। सबसे पहले प्रारंभिक परीक्षा (Prelims) आयोजित होती है, जो स्क्रीनिंग टेस्ट के रूप में काम करती है। इसमें सफल उम्मीदवार मुख्य परीक्षा के लिए योग्य माने जाते हैं। [IT_EPOLL id=”1″][/IT_EPOLL]इसके बाद मुख्य परीक्षा (Mains) ली जाती है, जिसमें लिखित विषयों के विस्तृत पेपर होते हैं। मुख्य परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों को साक्षात्कार (Interview/Personality Test) के लिए बुलाया जाता है। अंतिम चयन मुख्य परीक्षा और इंटरव्यू के अंकों के आधार पर मेरिट लिस्ट बनाकर किया जाता है। इसके बाद उम्मीदवारों को उनकी रैंक और वरीयता के अनुसार IAS, IPS, IFS तथा अन्य केंद्रीय सेवाओं में नियुक्ति दी जाती है।







