मिर्ज़ापुर। थाना विंध्याचल पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए स्कूटी से 15 किलो 400 ग्राम गांजा बरामद कर एक महिला सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बरामद स्कूटी को भी कब्जे में लेकर आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देशन में जनपद में अपराध एवं मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शनिवार को उपनिरीक्षक सुरेश चन्द्र द्विवेदी व उपनिरीक्षक सुनील कुमार मिश्र अपनी टीम के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे।
इस दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर दो संदिग्धों को पकड़ लिया। पूछताछ और तलाशी के दौरान उनके कब्जे से बिना नंबर प्लेट की स्कूटी में रखा 15 किलो 400 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शुभा देवी पत्नी स्व. अजय कुमार बिन्द निवासी बघेडा कला थाना जिगना, जनपद मीरजापुर तथा मिठ्ठू पुत्र स्व. रामबहादुर बिन्द निवासी धरमपुर थाना मेजा, जनपद प्रयागराज के रूप में हुई है।
इस संबंध में थाना विंध्याचल पर मु.अ.सं. 68/2026 धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।






