मिर्ज़ापुर। नशा मुक्ति आंदोलन और महिला रक्षा के लिए गठित सामाजिक संस्था ग्रीन आर्मी की महिला रक्षक रेखा कोल (32) की नुकीले हथियार से सिर में वार करके हत्या कर दी गई। सोमवार की सुबह जंगल महाल बरही के पास अरहर के खेत में शव मिला। शरीर पर कई जगह जख्म के निशान हैं। एसपी अपर्णा रजत कौशिक ने डॉग स्क्वायड, फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट, फोरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया। रेखा कोल के देवर अशोक कोल की तहरीर पर प्रेमी नागेंद्र कोल के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है। देवर अशोक ने बताया कि रेखा का विवाह भाई संतोष कोल से हुआ था। रेखा नशा मुक्ति आंदोलन में प्रमुख भूमिका निभाने वाली ग्रीन आर्मी रक्षक दल की सेविका थी। शादी के बाद दंपती के दो बच्चे हुए। बाद में रेखा को गांव के ही नागेंद्र कोल से प्रेम हो गया।
पति संतोष ने आपत्ति जताई पर वह नहीं मानी। पति संतोष ढाई वर्ष से महाराष्ट्र के नासिक में मजदूरी करता है। सोमवार सुबह रेखा का शव घर से 200 मीटर दूर अरहर के खेत में मिला।






