
फिरोजाबाद पुलिस और एएनटीएफ आगरा की संयुक्त टीम ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतर्राष्ट्रीय चरस तस्करी गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से 5 किलो 753 ग्राम चरस बरामद हुई है, जिसकी अंतर्राष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 40 लाख रुपये बताई जा रही है। यह कार्रवाई जनपद में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई।
उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक के निर्देश पर चलाए जा रहे मादक पदार्थ तस्करी विरोधी अभियान के क्रम में यह सफलता मिली। फिरोजाबाद के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक नगर के पर्यवेक्षण में, क्षेत्राधिकारी एएनटीएफ आगरा जोन और क्षेत्राधिकारी नगर फिरोजाबाद के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने इस ऑपरेशन को अंजाम दिया।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि नेपाल से चरस लेकर अंतर्राष्ट्रीय गिरोह के सदस्य फिरोजाबाद आ रहे हैं। इस सूचना के आधार पर, पुलिस टीम ने थाना रसूलपुर क्षेत्र के नगला बरी चौराहा (फतेहाबाद रोड) के पास घेराबंदी की और दो संदिग्धों को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से भारी मात्रा में चरस बरामद हुई।
पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि वे नेपाल से सस्ते दामों पर चरस खरीदते थे और इसे उत्तर प्रदेश सहित अन्य राज्यों में चार से पांच गुना अधिक कीमत पर बेचते थे। उन्होंने यह भी खुलासा किया कि नेपाल निवासी शेषनाथ मास्टर साहब फोन के माध्यम से लोकेशन बताकर चरस की आपूर्ति कराते थे। बरामद चरस को नगला बरी चौराहे पर फुटकर बिक्री के लिए लाया गया था।
गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों की पहचान अजय सहनी पुत्र स्व. दुखी सहनी और सूरज कुमार पुत्र शिवपूजन दास के रूप में हुई है। दोनों बिहार के मोतिहारी (पूर्वी चंपारण) जिले के ग्राम बेरिया डीह, थाना हर्षिदी के निवासी हैं। अभियुक्त सूरज कुमार के विरुद्ध पूर्व में पंजाब के पटियाला जिले के थाना शंभू में एनडीपीएस एक्ट के तहत एक मामला दर्ज है। अजय सहनी के खिलाफ भी वर्तमान प्रकरण थाना रसूलपुर में दर्ज किया गया है।







