मिर्ज़ापुर। अपना दल (कमेरावादी) की नेता डॉ. पल्लवी पटेल शनिवार को जनपद मुख्यालय पहुंचीं। उन्होंने पार्टी के जिलाध्यक्ष श्याम बहादुर पटेल की गिरफ्तारी पर नाराजगी व्यक्त करते हुए उनकी तत्काल रिहाई और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। पल्लवी पटेल अपने कार्यकर्ताओं के साथ कलेक्ट्रेट परिसर पहुंचीं और प्रशासन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक उन्हें जिलाधिकारी (DM) और पुलिस अधीक्षक (SP) से सीधे बातचीत का अवसर नहीं मिलेगा, तब तक वह कलेक्ट्रेट से नहीं हटेंगी। इस दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी कर अपनी मांगों का समर्थन किया।
सूचना मिलने पर उप जिलाधिकारी (सदर) गुलाबचंद और क्षेत्राधिकारी (लालगंज) अमर बहादुर मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शन कर रहे नेताओं और कार्यकर्ताओं से बातचीत की और प्रशासन की ओर से मामले की जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। हालांकि, प्रशासनिक अधिकारियों के आश्वासन के बावजूद डॉ. पल्लवी पटेल अपनी मांग पर अडिग रहीं। उन्होंने दोहराया कि जब तक उनकी जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक से सीधी वार्ता नहीं होती, वह कलेक्ट्रेट परिसर से नहीं हटेंगी।
इस धरना-प्रदर्शन के कारण कलेक्ट्रेट परिसर में कुछ समय के लिए गहमागहमी का माहौल बना रहा। प्रशासनिक अधिकारी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए थे और प्रदर्शन को शांतिपूर्ण ढंग से समाप्त कराने का प्रयास कर रहे थे।






