उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिला निवासी मर्चेंट नेवी अफसर मनीष द्विवेदी 7 मई से अमेरिका के पेंसिलवेनिया बंदरगाह से लापता हो गए हैं. वह शिप के जरिए अमेरिका पहुंचे थे और 7 मई के बाद से परिजनों का उनसे कोई संपर्क नहीं हो पाया है. मनीष के अचानक गायब होने और शिपिंग कंपनी द्वारा सही जवाब न दिए जाने से परेशान परिजनों ने पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक, जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार और केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल से मुलाकात कर उन्हें सुरक्षित तलाशने की गुहार लगाई है.
मॉल घूमने गए थे साथी अफसरों के साथ
पड़री थाना क्षेत्र के चौहान पट्टी गांव के रहने वाले लापता मनीष द्विवेदी मर्चेंट नेवी में सेकंड ऑफिसर हैं और वर्तमान में वेसल सिफ्नोस लेडी शिप पर तैनात हैं, जहां वह 18 अप्रैल को गए थे. परिजनों के मुताबिक, शिप के मार्क्स हुक (पेन्सिलवेनिया) पहुंचने पर कैप्टन, चीफ ऑफिसर, मनीष और कैडेट ऑफिसर प्रांजल मॉल घूमने गए थे. मॉल से तीन लोग वापस आ गए, लेकिन मनीष नहीं लौटे. कैप्टन ने फोन किया तो मनीष ने कहा कि आप लोग कैब करिए, मैं 10 मिनट में आ रहा हूं, लेकिन उसके बाद से उनका फोन नहीं उठा.
कंपनी के रवैये से बढ़ी परिजनों की चिंता
मनीष के लापता होने के बाद गैरी गोम्स नाम के व्यक्ति ने घर पर फोन कर बताया कि मनीष चार घंटे से शिप से लापता हैं. जब परिजनों ने मनीष को व्हाट्सएप पर मैसेज किया तो कोई जवाब नहीं आया. इसके बाद दोबारा कंपनी वेस्टर्न क्रू मैनेजमेंट सर्विस प्राइवेट लिमिटेड के कार्यालय और अधिकारियों से बात करने की कोशिश की गई, तो वे लोग अब परिजनों को ठीक से जवाब नहीं दे रहे हैं. कंपनी के इस ढुलमुल रवैये के कारण घरवाले बेहद डरे और परेशान हैं.
केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने बढ़ाया हाथ
मनीष के पिता संतोष ने बताया कि साथियों के साथ अमेरिका पोर्ट पर जाने के बाद से बेटे का कुछ पता नहीं चल रहा है, जिससे घर पर सबकी हालत खराब है. इस मामले को लेकर परिजनों ने सांसद और केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल से मुलाकात की. अनुप्रिया पटेल ने बताया कि परिजनों के संपर्क करने के बाद उन्होंने विदेश मंत्री को पत्र लिखा है और विदेश राज्य मंत्री कीर्तिवर्धन सिंह से व्यक्तिगत मुलाकात कर मदद मांगी है. जो भी सूचना आ रही है, उससे परिजनों को अवगत कराया जा रहा है.






