मिर्ज़ापुर। मगध एक्सप्रेस में यात्रा कर रही एक महिला ने चलती ट्रेन में बच्चे को जन्म दिया। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने तत्काल कार्रवाई करते हुए जच्चा-बच्चा को सुरक्षित जिला अस्पताल में भर्ती कराया। फिलहाल, मां और नवजात दोनों स्वस्थ हैं।
35 वर्षीय पूर्णिया देवी अपने पति सुधीर मांझी और दो बच्चों के साथ इस्लामपुर से कानपुर जा रही थीं। यह घटना बीती रात गाड़ी संख्या 20801 मगध एक्सप्रेस के जनरल कोच में हुई।
रेलवे सुरक्षा बल को वाणिज्य विभाग से देर रात लगभग 12:40 बजे सूचना मिली कि ट्रेन में एक महिला ने शिशु को जन्म दिया है और उसे तत्काल चिकित्सकीय सहायता की आवश्यकता है। सूचना मिलते ही आरपीएफ टीम सक्रिय हो गई।
सहायक उप निरीक्षक अशोक कुमार और कांस्टेबल प्रदीप कुमार पाल द्वितीय ने वाणिज्य विभाग के कर्मियों रविंद्र कुमार विश्वकर्मा और विशाल कुमार के साथ समन्वय स्थापित किया। रात 00:45 बजे ट्रेन के प्लेटफार्म संख्या 3 पर पहुंचते ही टीम ने महिला को अटेंड किया।
रात करीब 1 बजे रेलवे चिकित्सक डॉ. वीके सिंह मौके पर पहुंचे और प्रसूता को प्राथमिक उपचार दिया। पूछताछ में महिला ने अपना नाम पूर्णिया देवी (35), पत्नी सुधीर मांझी, निवासी लालपुर, थाना कंवाकोल, नवादा, बिहार बताया।
प्राथमिक उपचार के बाद प्रसूता और नवजात को बेहतर इलाज के लिए एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा गया। कांस्टेबल प्रदीप कुमार पाल द्वितीय को अस्पताल में भर्ती कराने की प्रक्रिया में सहयोग के लिए साथ भेजा गया।
आरपीएफ की इस त्वरित और मानवीय कार्रवाई के कारण मां और नवजात दोनों सुरक्षित हैं। “ऑपरेशन सेवा” के तहत की गई इस पहल की स्थानीय स्तर पर सराहना की जा रही है।






