चंदौली। आम जनता को रसोई गैस की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने और कालाबाजारी रोकने के लिए तहसील प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। गुरुवार को सकलडीहा उप जिलाधिकारी कुंदन राज कपूर ने क्षेत्र की विभिन्न गैस एजेंसियों और गोदामों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
एसडीएम कुंदन राज कपूर ने केवल कार्यालय तक सीमित न रहकर सकलडीहा, धानापुर और चहनिया के गैस गोदामों पर अचानक धावा बोला। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्टॉक रजिस्टर की गहनता से जांच की ताकि गैस की उपलब्धता का सही पता चल सके। मौके पर मौजूद ग्राहकों से सीधा संवाद किया और गैस सिलेंडरों की वास्तविक कीमतों के बारे में जानकारी ली।
जनता के हितों की रक्षा करते हुए एसडीएम ने गैस एजेंसी संचालकों को कड़े शब्दों में निर्देशित किया है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी हाल में ओवर-रेटिंग या कालाबाजारी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि किसी भी एजेंसी के खिलाफ जनता से अधिक पैसे वसूलने की शिकायत मिली, तो संचालक के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।






