यूपी के वाराणसी में इंडिगो एयरलाइन्स के विमान में बम की सूचना से हड़कंप मच गया। आनन-फानन में वाराणसी के बाबतपुर एयरपोर्ट पर विमान की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। रनवे पर विमान के उतरने से पहले ही सुरक्षा कर्मी पहुंच गए। जैसे ही विमान रनवे पर उतरा तो जवानों ने विमान को सुरक्षा घेरे में ले लिया।हैदराबाद से वाराणसी जा रही इंडिगो के विमान में किसी यात्री ने शरारतवश एक कागज पर बम से उड़ा देंगे लिखकर बाथरूम में डाल दिया। कुछ देर बाद जब बाथरूम में दूसरा यात्री पहुंचा तो उसे धमकी भरा कागज मिला। इसकी सूचना विमान में मौजूद कर्मचारियों को दी गई। इसके बाद बम की सूचना से हड़कंप मच गया। जैसे ही ये सूचना बाबतपुर एयरपोर्ट पर पहुंची तो सीआईएसएफ के जवान विमान के उतरने से पहले ही रनवे पर पहुंच गए। जैसे ही विमान उतरा तो जवानों ने विमान को घेर लिया। इसके बाद विमान की सघन तलाशी ली गई, लेकिन कुछ भी नहीं मिला।
एक दिन पहले भी हुई थी विमान की इमरजेंसी लैंडिंग
शनिवार को यात्री की तबीयत बिगड़ने के कारण दिल्ली से बागडोगारा (सिलीगुड़ी) जा रहे विमान की वाराणसी एयरपोर्ट पर आपात लैंडिंग कराई गई थी। बीमार यात्री को उतारने के बाद विमान करीब सवा घंटे की देरी से आगे के लिए रवाना हुआ। अकासा एयरलाइंस का विमान (क्यूपी-1833) दिल्ली से बागडोगारा जा रहा था, जिसमें कुल 185 यात्री सवार थे। विमान जब वाराणसी के हवाई क्षेत्र से गुजर रहा था, तभी यात्री दिलीप प्रीत सिंह को सीने में दर्द और घबराहट की शिकायत हुई। क्रू मेंबरों द्वारा प्राथमिक उपचार किया गया, लेकिन उनकी हालत में कोई सुधार नहीं हुआ। इसके बाद चालक दल ने तत्काल वाराणसी एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) से संपर्क कर मेडिकल इमरजेंसी लैंडिंग की अनुमति मांगी। विमान को दोपहर 1.47 बजे बाबतपुर एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतारा गया। मौके पर पहुंची मेडिकल टीम ने यात्री को एम्बुलेंस के जरिए शहर स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया।







