नई दिल्ली। एलपीजी सिलिंडर की किल्लत से गहराए ईंधन संकट के बीच दिल्ली-एनसीआर के निवासियों को बड़ी राहत मिली है। इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (IGL) ने पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) कनेक्शन लेने या पुराने कनेक्शन को चालू कराने वालों के लिए आकर्षक स्कीम की पेशकश की है। नए कनेक्शन बुक करने या पुराने को रिचार्ज/एक्टिवेट करने पर पहले बिल में 500 रुपये की छूट मिलेगी। यह स्कीम घरेलू और व्यावसायिक दोनों प्रकार के कनेक्शन के लिए लागू है, जिससे लोग स्वच्छ ईंधन PNG की ओर आकर्षित हों और LPG पर निर्भरता कम हो।
केंद्र के निर्देश के बाद स्कीम शुरू
कंपनी के अधिकारी ने बताया कि केंद्र सरकार के निर्देश और अनुमति के बाद यह स्कीम शुरू की गई है, ताकि लोग स्वच्छ ईंधन के प्रति जागरूक हों। IGL ने एक बार फिर स्पष्ट किया कि घरेलू PNG की आपूर्ति पूरी तरह सुचारू और निर्बाध है, जिसे किसी भी स्थिति में बाधित नहीं किया जाएगा। यह कदम LPG संकट के बीच वैकल्पिक ईंधन को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण है।
लकड़ी के इस्तेमाल की अनुमति
इससे पहले, दिल्ली-एनसीआर में एलपीजी संकट को देखते हुए वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) ने बड़ा फैसला लिया था। आयोग ने उद्योगों, होटलों और रेस्टोरेंट्स को बड़ी राहत देते हुए ‘वैकल्पिक ईंधन’ जैसे लकड़ी आदि के इस्तेमाल की अनुमति दी थी। यह छूट केवल एक महीने की अवधि के लिए या अगले आदेश तक (जो भी पहले हो) प्रभावी रहेगी।







