best news portal development company in india

पीएम मोदी की अपील का असर,मंत्रालय से बंगले तक पैदल पहुंचे मंत्री गोविंद सिंह राजपूत,दिया स्वास्थ्य और सादगी का संदेश

SHARE:

भोपाल। प्रदेश के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता, सादगी और अनुशासित जीवनशैली को बढ़ावा देने का प्रेरणादायक संदेश दिया। विभागीय समीक्षा बैठक के बाद उन्होंने की अपील को अपने दैनिक जीवन में अपनाते हुए मुख्यमंत्री सचिवालय से 74 बंगले स्थित शासकीय निवास तक पैदल पहुंचकर एक सकारात्मक उदाहरण प्रस्तुत किया।

 

स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का संदेश

 

मंत्री राजपूत ने कहा कि वर्तमान समय की भागदौड़ भरी दिनचर्या और बढ़ते तनाव के बीच स्वास्थ्य का ध्यान रखना अत्यंत आवश्यक हो गया है। नियमित पैदल चलना शरीर को स्वस्थ और सक्रिय रखने के साथ मानसिक शांति, सकारात्मक सोच और ऊर्जा भी प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि यदि लोग प्रतिदिन कुछ समय पैदल चलने की आदत विकसित करें, तो कई गंभीर बीमारियों से बचा जा सकता है।

प्रधानमंत्री की अपील को जनआंदोलन बनाने की जरूरत

 

खाद्य मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा दिए गए संदेश को केवल सुनने तक सीमित न रखकर यदि उसे अपने दैनिक जीवन में अपनाया जाए, तो यह एक व्यापक जनआंदोलन का रूप ले सकता है। अनावश्यक वाहन उपयोग से बचना और अधिक से अधिक पैदल चलना न केवल स्वास्थ्य के लिए लाभकारी है, बल्कि ईंधन की बचत और पर्यावरण संरक्षण में भी सहायक है।

 

सादगी और अनुशासित जीवनशैली पर जोर

 

उन्होंने कहा कि सादगीपूर्ण जीवनशैली भारतीय संस्कृति की पहचान रही है और आज के समय में इसकी प्रासंगिकता और अधिक बढ़ गई है। छोटी-छोटी अच्छी आदतें व्यक्ति के जीवन में बड़ा परिवर्तन ला सकती हैं। अनुशासित जीवनशैली से व्यक्ति स्वयं भी स्वस्थ रहता है और समाज के लिए भी प्रेरणा बनता है।

जनप्रतिनिधियों की भूमिका अहम

 

मंत्री राजपूत ने कहा कि जनप्रतिनिधियों और समाज के जिम्मेदार लोगों को स्वयं उदाहरण प्रस्तुत कर आमजन को सकारात्मक दिशा देने का प्रयास करना चाहिए। जब नेतृत्व स्वयं स्वस्थ और अनुशासित जीवनशैली अपनाता है, तो समाज में उसका व्यापक और सकारात्मक प्रभाव पड़ता है।

 

आमजन में सराहना

 

खाद्य मंत्री के इस कदम की प्रशासनिक अधिकारियों, कर्मचारियों और आमजन के बीच सराहना की जा रही है। लोगों ने इसे स्वास्थ्य जागरूकता, पर्यावरण संरक्षण और सकारात्मक जीवनशैली को बढ़ावा देने वाला प्रेरक संदेश बताया है।

Leave a Comment