अमेरिका और ईरान के बीच युद्ध खत्म करने के लिए शुक्रवार को जिनेवा में समझौते पर हस्ताक्षर प्रस्तावित है. लेकिन इससे पहले ही मेमोरेंडम ऑफ अंडरस्टैंडिंग (MoU) पर इलेक्ट्रॉनिक तरीके से हस्ताक्षर हो गए हैं. इसके साथ ही 14 पॉइंट का समझौता लागू हो गया है. एक्सियोस की रिपोर्ट के मुताबिक दो अमेरिकी अधिकारियों ने दावा किया कि समझौता लागू हो चुका है. रिपोर्ट के मुताबिक ट्रंप ने खुद इस पर हस्ताक्षर किया. बुधवार को ट्रंप जब फ्रांस में राष्ट्रपति मैक्रों के साथ डिनर कर रहे थे, तब यह हुआ. वहीं दूसरी तरफ ईरान में राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन ने भी समझौते पर साइन किया. ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने साफ कहा है कि स्विट्जरलैंड में डील पर होने वाला हस्ताक्षर अभी कन्फर्म नहीं है, जिसके बाद सवाल उठ रहे हैं कि क्या 19 जून को दोनों देश एक टेबल पर कोई समझौता करेंगे भी या इसे ही अंतिम माना जाएगा. अनादोलू न्यूज एजेंसी ने दावा किया है कि अब 19 जून को कोई समझौता नहीं होगा. हालांकि अभी आधिकारिक तौर पर इसकी पुष्टि नहीं हुई है।




