मिर्ज़ापुर। चंद्रग्रहण को लेकर मंगलवार को मां विंध्यवासिनी मंदिर का कपाट 4 घंटे, 45 मिनट तक बंद रहेगा। इसके बाद मां के पूजन व आरती के बाद श्रद्धालु मां का दर्शन-पूजन कर सकेंगे।
विंध्य पंडा समाज के मंत्री भानू पाठक ने बताया कि मंगलवार को चंद्रग्रहण के सूतक व ग्रहण काल के दौरान मां विंध्यवासिनी मंदिर का कपाट दोपहर के 3 बजकर 15 मिनट से रात 8.00 बजे तक बंद रहेंगे।
उन्होंने बताया कि शास्त्रीय मान्यताओं के अनुसार ग्रहण लगने पर मंदिरों के कपाट बंद कर दिए जाते हैं और ग्रहण समाप्ति के बाद विधि-विधान से पूजन-अर्चन व शुद्धिकरण के बाद मां का दर्शन-पूजन प्रारंभ कराया जाता है।
मंदिर प्रशासन ने श्रद्धालुओं का आह्वान किया है कि वह निर्धारित समय को ध्यान में रखते हुए दर्शन की योजना बनाएं, जिससे उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न हो।







