लखनऊ। प्रदेश में उच्च शिक्षा के विस्तार की दिशा में कदम बढ़ाते हुए मीरजापुर के चुनार क्षेत्र में प्रस्तावित सरदार पटेल एपेक्स यूनिवर्सिटी की स्थापना को कैबिनेट ने मंजूरी दे दी है। इसके साथ ही प्रदेश में निजी विश्वविद्यालयों की संख्या बढ़कर 54 हो जाएगी।
इस प्रस्ताव पर पहले उच्च स्तरीय समिति ने जांच के बाद संस्था को आशय पत्र ( लेटर आफ इंटेंट) जारी करने की संस्तुति दी थी। अब कैबिनेट ने प्रस्ताव को स्वीकृति दे दी है।
मीरजापुर जिले की तहसील चुनार के ग्राम समसपुर में लगभग 50.45 एकड़ जमीन पर यह विश्वविद्यालय स्थापित किया जाएगा। आशय पत्र मिलने से विश्वविद्यालय की स्थापना से जुड़े निर्माण, नियोजन और शैक्षिक ढांचे की औपचारिक प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।
इस विश्वविद्यालय की स्थापना से मीरजापुर और आसपास के क्षेत्रों में उच्च शिक्षा के नए अवसर पैदा होंगे। ग्रामीण और दूरदराज के छात्रों को अब अपने ही क्षेत्र में निजी विश्वविद्यालय स्तर की शिक्षा उपलब्ध हो सकेगी।







