best news portal development company in india

व्यापार मंडल ने एसपी से की एफआईआर दर्ज करने की मांग, सौंपा प्रार्थना-पत्र

SHARE:

मिर्ज़ापुर। भारतीय उद्योग व्यापार मण्डल के प्रदेश उपाध्यक्ष शैलेन्द्र अग्रहरि के नेतृत्व में व्यापार मंडल की ओर से पुलिस अधीक्षक, मिर्ज़ापुर को एक प्रार्थना-पत्र सौंपकर समाजवादी पार्टी, मिर्ज़ापुर के जिलाध्यक्ष देवी प्रसाद चौधरी के कथित सार्वजनिक बयान की जांच कराए जाने तथा आवश्यक होने पर एफआईआर दर्ज करने की मांग की गई।

प्रार्थना-पत्र में कहा गया है कि सोशल मीडिया एवं सार्वजनिक रूप से प्रसारित एक कथित बयान में व्यापारियों की दुकानों को लूट लिए जाने जैसी बात कही गई है। व्यापार मंडल का कहना है कि यदि जांच में यह बयान सही पाया जाता है, तो इससे व्यापारियों में भय एवं असुरक्षा का वातावरण उत्पन्न हो सकता है तथा कानून-व्यवस्था पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका है।

व्यापार मंडल ने पुलिस अधीक्षक से अनुरोध किया है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा यदि जांच में प्रथम दृष्टया कोई दंडनीय अपराध बनता है, तो भारतीय न्याय संहिता (BNS) एवं अन्य प्रासंगिक कानूनी प्रावधानों के अंतर्गत प्रथम सूचना रिपोर्ट (FIR) दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जाए।

प्रार्थना-पत्र में यह भी मांग की गई है कि मामले से संबंधित वीडियो, ऑडियो, सोशल मीडिया पोस्ट एवं अन्य उपलब्ध इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों को सुरक्षित रखते हुए उनकी विधिवत जांच कराई जाए, ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना अथवा कानून-व्यवस्था संबंधी समस्या उत्पन्न न हो।

व्यापार मंडल ने कहा कि व्यापारी वर्ग समाज और अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण अंग है तथा सार्वजनिक जीवन से जुड़े जिम्मेदार व्यक्तियों के बयानों में संयम एवं मर्यादा बनाए रखना आवश्यक है।

इस दौरान जिला उपाध्यक्ष राहुल बरनवाल, ज्ञान चंद गुप्ता, अनुज उमर, योगेश तिवारी, विक्रम सिंह, राजकुमार, हिमांशु अग्रहरि, कुशाग्र गुप्ता, महेश केशरी, प्रशांत गुप्ता आदि उपस्थित रहे।

Leave a Comment