वाराणसी के आदमपुर थाना क्षेत्र के घसियारी टोला (प्रह्लाद घाट) में शुक्रवार को 43 वर्षीय पवन यादव की मौत का मामला सामने आया। परिजनों ने सुबह उन्हें कमरे में फंदे से लटका देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में मातम छा गया।
सूचना पर आदमपुर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। कमरे का दरवाजा खोलकर शव को नीचे उतारा गया। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
करीब 20 साल से चल रहा था इलाज
मृतक की मां विमला देवी के अनुसार, पवन उनके तीन बेटों में सबसे बड़ा था। करीब 20 वर्ष पहले सड़क हादसे में घायल होने के बाद से उसका मानसिक स्वास्थ्य संबंधी इलाज चल रहा था।
परिजनों ने बताया कि पवन की पत्नी सुनीता करीब डेढ़ वर्ष पहले अपनी बेटी गार्गी के साथ दिल्ली चली गई थी। परिवार के अनुसार, इसके बाद से पवन इस बात को लेकर परेशान रहता था।
जांच में जुटी पुलिस
आदमपुर इंस्पेक्टर विमल मिश्रा ने बताया कि घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। मौत के पीछे की परिस्थितियों को लेकर पुलिस जांच कर रही है।







