पठानकोट के माधोपुर स्थित श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्थल के पास शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी ने ‘नशा मुक्त पंजाब यात्रा’ की शुरुआत की। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह अभियान पंजाब की सभी 117 विधानसभा सीटों तक पहुंचाने की योजना है और करीब 4,000 किलोमीटर की यात्रा के बाद 30 सितंबर को जालंधर में इसका समापन प्रस्तावित है।
कार्यक्रम में पंजाब भाजपा अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों, भाजपा नेता सुनील जाखड़, दिनेश कुमार बागा, राघव चड्ढा, अश्विनी शर्मा, मनोरंजन कालिया समेत पार्टी के कई नेता मौजूद रहे।
नितिन नबीन बोले- नशे के खिलाफ घर-घर तक पहुंचाएंगे अभियान
यात्रा के शुभारंभ के दौरान नितिन नबीन ने कहा कि वह पंजाब में नशे के खिलाफ अभियान को घर-घर तक पहुंचाने के संकल्प के साथ आए हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नशा मुक्त भारत अभियान की शुरुआत करते हुए पंजाब को इस मुहिम का महत्वपूर्ण केंद्र बताया था।
नबीन ने पंजाब में नशे को युवाओं और राज्य के भविष्य से जुड़ा गंभीर मुद्दा बताया। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ जागरूकता और जनभागीदारी बढ़ाना इस अभियान का प्रमुख उद्देश्य है।
चार मार्गों से निकलेगी यात्रा
भाजपा के अनुसार ‘नशा मुक्त पंजाब यात्रा’ के तहत चार अलग-अलग यात्राएं निकाली जा रही हैं। ये यात्राएं राज्य की सभी 117 विधानसभा सीटों को कवर करेंगी। अभियान के दौरान नशे के खिलाफ जनजागरूकता के साथ कानून-व्यवस्था और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों को भी उठाया जाएगा।
भाजपा ने इस अभियान को नशे के खिलाफ जन आंदोलन बनाने की बात कही है। वहीं, विपक्षी दलों ने यात्रा के राजनीतिक पहलू को लेकर सवाल उठाए हैं।







